-
Advertisement
Punjab Budget : महिलाओं को फ्री यात्रा, 1.13 लाख किसानों का कर्ज माफ
Last Updated on March 8, 2021 by
चंडीगढ़। पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सरकार के कार्यकाल का अंतिम बजट आज पेश किया गया। पंजाब के वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल (Manpreet Singh Badal) विधानसभा में राज्य का 2021-22 का बजट पेश किया। अपने आखिरी बजट (Budget) में कैप्टन सरकार ने कर्मचारियों, किसानों और महिला वर्ग को खुश करने की कोशिश की है। महिलाओं के लिए राज्य सरकार की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है, साथ ही सरकारी कर्मचारियों की मांग पर 1 जुलाई से छठा वेतन आयोग लागू होगा। बजट में पंजाब सरकार ने 1.13 लाख किसानों का 1,186 करोड़ रुपए कर्ज माफ करने का ऐलान किया है, साथ ही भूमिहीन किसानों को वित्त वर्ष 2021-22 में 526 करोड़ रुपए का लोन माफ किया जा रहा है। पटियाला के सरकारी मेडिकल कॉलेज के उच्चीकरण के लिए 92 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संसद में उठी मांग, जब आबादी आधी तो सिर्फ 30% आरक्षण क्यों ?
[Live] Presentation of Budget for FY 2021-22. https://t.co/iZgBOL8pbr
— Capt.Amarinder Singh (@capt_amarinder) March 8, 2021
इसके अलावा वृद्धा पेंशन (Old age pension) को बढ़ाकर 1500 रुपए कर दिया गया है। स्वतंत्रता सेनानियों को मिलने वाली पेंशन को 7500 से बढ़ाकर 9400 रुपए कर दी गई है यानी 1 अप्रैल से हर स्वतंत्रता सेनानी को 9400 रुपए हर महीने की पेंशन मिलेगी। किसानों के लिए मुफ्त बिजली सब्सिडी (Subsidy) के रूप में 7,180 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। पंजाब सरकार ने ‘कामयाब किसान, खुशहाल पंजाब’ योजना की शुरुआत की है।
इस योजना के तहत फाजिल्का में सब्जियों के लिए उत्कृष्टता केंद्र, अमृतसर में बागवानी अनुसंधान के लिए स्नातकोत्तर संस्थान और किसानों को मोबाइल वेंडिंग गाड़ियां दी जाएंगी। इसके लिए तीन साल में 3780 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 2021-22 के बजट में 1,104 करोड़ आवंटित किए गए। वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने बताया कि पंजाब का कर्ज बढ़कर 2,73,730 करोड़ रुपए हो गया है, पंजाब का प्रति व्यक्ति सामाजिक क्षेत्र का खर्च प्रमुख राज्यों में चौथा सबसे कम है। 2021-22 के बजट का आकार 1,38,015 करोड़ रुपए है। वित्त मंत्री ने बताया कि राज्य का ऋण 2,73,730 करोड़ रुपए हो गया है।