-
Advertisement
चिंतपूर्णी में पंजाब के श्रद्धालुओं की कार खाई में गिरी,तीन लोगों की मौ#त
Himachal Accident:ऊना में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। चिंतपूर्णी में एक कार गहरी खाई में जा गिरी। कार के खाई में गिरते ही उसमें आग लग गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसे में तीन लोग जिंदा जल गए, जबकि एक व्यक्ति हादसे के दौरान बाहर गिर गया और उसकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार ( पीबी 10के 7531) में सवार सभी लोग पंजाब के ताजपुर रोड लुधियाना के निवासी थे।ये सभी चिंतपूर्णी मंदिर दर्शन के लिए आए थे।
हादसे के कारणों की की जा रही गहन जांच
गाड़ी का टायर फटने के बाद यह हादसा हुआ। टायर फटने से गाड़ी अनियंत्रित हुई और करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार के गिरते ही उसमें आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान कार खाई में गिरते समय एक सवार बाहर जा गिरा, जिसकी मौके पर ही गंभीर चोटों से मौत हो गई। वहीं, खाई में गिरने के बाद कार में अचानक आग लग गई, जिससे अंदर फंसे तीन अन्य श्रद्धालु जिंदा जल गए। हादसा इतना भयावह था कि आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर पानी की बौछार कर आग को बुझाया। एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, लेकिन अन्य सभी पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
सुनैना जसवाल

