-
Advertisement
फोरलेन पर दर्दनाक हादसा: ट्रक ने मारी बाइक को टक्कर, युवक की मौके पर मौ#त
Himachal Accident: हिमाचल-पंजाब सीमा पर चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार सुबह गारामौड़ा टोल प्लाजा से लगभग 2 किलोमीटर पीछे, मेसबाल स्कूल के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
युवक ने घटनास्थल पर तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक सड़क क्रॉस कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा घायल अवस्था में तड़पता रहा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं यहां पर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान और घायल की स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां फोरलेन पर एक कट बना हुआ है, जो पूर्व में भी कई दुर्घटनाओं का कारण बन चुका है। समीप ही एक स्कूल भी स्थित है, जिससे इस क्षेत्र में बच्चों और राहगीरों की आवाजाही लगी रहती है। इसके बावजूद यहां न तो कोई उचित सुरक्षा उपाय किए गए हैं और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।
सुभाष चंदेल

