- Advertisement -
मनाली। हिमाचल के मनाली (Manali) में आयोजित किया जा रहा राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल (National Winter Carnival) का आज अंतिम दिन है। आज मनाली में विंटर क्वीन 2022 का चयन किया जाएगा। देश भर से 25 सुंदरियां इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। 25 में से टाप 10 का चयन होगा और इन 10 प्रतिभागियों में से ही आज विंटर क्वीन 2022 (Winter Queen 2022) चुनी जाएगी।
शरद सुंदरी को एक लाख नगद इनाम व ताज पहनाकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही बारिश व बर्फ़बारी (Snowfall) से स्थगित महिलाओं की महानाटी भी आज आयोजित की जा रही है। आज दोपहर बाद वामतट की 700 से अधिक महिलाएं नाटी में भाग लेंगी। महिलाओं की नाटी के साथ साथ अनेकों कार्यक्रम माल रोड में आयोजित होंगे।
इससे पहले हिमाचल (Himachal) में लगातार बारिश व बर्फ़बारी होने के चलते दो दिन कुछ एक कार्यक्रमों स्थगित करना पड़ा था, लेकिन गुरुवार को मनु रंगशाला सहित माल रोड में भी कार्निवाल की धूम मची हुई है। आज कार्निवाल का समापन है और शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। मौसम खराब होने के चलते ही बीते रोज बुधवार को वायस आफ कार्निवाल (Voice of Carnival) की प्रतियोगिता भी स्थगित करनी पड़ी थी। आज यह प्रतियोगिता भी रामबाग में आयोजित की जाएगी। जिसमें वायस आफ कार्निवाल का चयन होगा। मनु रंगशाला में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धाओं का दौर शुरू हो गया है। विजेता रहने वाली सभी टीमें आज शिक्षा मंत्री के हाथों सम्मानित की जाएंगी। एसडीएम मनाली डाक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि मौसम खुलते ही मनाली में कार्निवाल की धूम शुरू हो गई है।
- Advertisement -