-
Advertisement
शिलाई के खुजराड़ी में मकान पर गिरा मलबा, 4 बच्चों सहित 5 की गई जान
नाहन। हिमाचल में बारिश ने पूरे प्रदेश में कहर बरपाया है। सिरमौर जिला की बात करें तो मानगढ़ पंचायत में बादल फटने की घटना के बाद शिलाई के खुजराड़ी गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। रास्त पंचायत के खुजराड़ी गांव में एक मकान के भूस्खलन की चपेट में आने से चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई है जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बीती रात उस समय पेश आया जब एक ही परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इस बीच मकान पहाड़ी से हुए भूस्खलन की चपेट में आ गया।

मृतकों की पहचान ममता (27) पत्नी प्रदीप सिंह, इशिता (8) पुत्री प्रदीप सिंह, अलीशा (6) पुत्री प्रदीप सिंह, ऐरंग (2) पुत्री प्रदीप सिंह और आकांशिका (7) पुत्री तुलसी राम गांव खड़ेच के तौर पर हुई है। जबकि, प्रदीप सिंह गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के प्रयास किए लेकिन तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। हादसे की पुष्टि एसडीएम शिलाई सुरेश सिंघा ने की है। उन्होंने बताया कि वह घटनास्थल पहुंच रहे हैं। राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर फौरी राहत देने के निर्देश दिए गए हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


