-
Advertisement
हिमाचल में नशा निवारण केंद्र के बाहर पहले की गाली-गलौच फिर चलाई गोली
ऊना। हिमाचल में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। सीमांत कस्बा संतोषगढ़ के एक नशा निवारण केंद्र के बाहर गोली चलने की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। एसपी अर्जित सेन ठाकुर और एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार धीमान ने भी दल-बल सहित मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। गोलीबारी करने वाले कौन लोग थे ,इसको लेकर पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई।
बताया जा रहा है कि नशा निवारण केंद्र के बाहर देर शाम कुछ युवक इकट्ठे हुए थे। जिनमें से कुछ केंद्र के सामने और कुछ केंद्र के पीछे खड़े होकर गाली गलौज कर रहे थे। इसी दौरान पीछे खड़े युवकों में से किसी ने फायर किए। जिसके जवाब में नशा निवारण केंद्र के कर्मचारियों ने पथराव करते हुए युवकों को भगा दिया। हालांकि नशा निवारण केंद्र के संचालक की तरफ से गोली का खोल बरामद किए जाने का दावा किया जा रहा है, दूसरी ओर पुलिस प्रथम दृष्टया घटना में गोली कांड जैसी किसी भी घटना के होने से इनकार कर रही है। लेकिन पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच करने की बात कही है।
ये भी पढ़ेः हिमाचल में तेज बारिश के बीच कार के साथ बह गया व्यवसायी, लोगों ने बचाया
नशा निवारण केंद्र के संचालक मनोज कुमार का कहना है कि कुछ युवा केंद्र के सामने और कुछ युवा केंद्र की पिछली तरफ आकर हुड़दंग मचा रहे थे। इसी दौरान केंद्र के पीछे खड़े युवकों में से किसी ने कुछ राउंड फायर किए। केंद्र में मौजूद कर्मचारियों ने भी जवाब में पत्थरबाजी शुरू कर दी। घटना के बाद गोली का एक शेल बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कभी भी केंद्र में या केंद्र के आसपास ऐसी घटना नहीं हुई है यह पहली मर्तबा अज्ञात युवकों द्वारा गोलीबारी करने का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि घटना की कुछ तस्वीरें केंद्र के सीसीटीवी में कैद हुई है, वहीं साथ ही युवकों द्वारा कुछ गाड़ियों के नंबर भी दर्ज किए गए हैं।
एसपी अर्जितसेन ठाकुर ने कहा कि कस्बा संतोषगढ़ के नशा निवारण केंद्र के आसपास गोली चलने की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली थी। आरंभिक जांच में इस क्षेत्र में गोली चलने की कोई भी घटना सामने नहीं आई है। लेकिन फिर भी पुलिस सूचना के आधार पर हर चीज को वेरीफाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर का कहना है कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


