-
Advertisement
केरल से हिमाचल घूमने आए पर्यटकों की बाइक खाई में गिरी, युवक की मौके पर मौ#त, युवती गंभीर
Kullu Accident: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पर्यटन नगरी बंजार के जिभी-सोझा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां निचला सोझा स्थित पन्डला नाला के समीप एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पीछे बैठी एक युवती गंभीर रूप से घायल है। दोनों पर्यटक केरल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
आंखों देखी: अचानक अनियंत्रित होकर खाई में समाई बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा रविवार दोपहर करीब 1:50 बजे हुआ। सोझा से जिभी की तरफ आ रहे एक टैक्सी चालक ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल उसके आगे चल रही थी। पन्डला नाला के पास अचानक बाइक से चालक का नियंत्रण खो गया और पलक झपकते ही बाइक सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
मृतक और घायल की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान सबिन मैथ्यू कुरैन के रूप में हुई है, जो केरल के एर्नाकुलम जिले के पीरुम्बदवूर गांव का रहने वाला था। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवती की पहचान अक्षरा जोस (निवासी कोठामंगलम, एर्नाकुलम, केरल) के रूप में हुई है।
रेफर की गई घायल युवती
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और एंबुलेंस के जरिए घायल अक्षरा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बंजार पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बंजार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के असल कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा घटनास्थल का मुआयना कर गहनता से तफ्तीश की जा रही है।
