-
Advertisement
पेंशनरों को सीएम सुक्खू का बड़ा तोहफा: क्लास-3 को 30% और क्लास 1-2 को मिलेगा 15-15% एरियर, अच्छी रहेगी दिवाली
CM Sukhwinder Singh Sukhu: हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला में राज्य के पेंशनरों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में लंबे समय से लंबित वित्तीय मामलों, संशोधित वेतनमान के एरियर और चिकित्सा बिलों के भुगतान पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान सीएम ने एरियर भुगतान को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि क्लास-3 के पेंशनरों को 30 प्रतिशत, जबकि क्लास-1 और क्लास-2 के पेंशनरों को 15-15 प्रतिशत एरियर का भुगतान किया जाएगा। इसकी अधिसूचना जारी की जाएगी
कर्मचारियों के लिए अच्छी रहेगी दिवाली, आर्थिक स्थिति में सुधार
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। सरकार उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के आधार पर कर्मचारियों और पेंशनरों की देनदारियों का भुगतान चरणबद्ध तरीके से कर रही है। उन्होंने कर्मचारियों को राहत का संकेत देते हुए कहा कि इस बार उनकी दिवाली अच्छी रहने वाली है। आने वाले 1-2 महीनों में राज्य की वित्तीय स्थिति की समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद कर्मचारियों और पेंशनरों को अतिरिक्त वित्तीय राहत देने के संबंध में फैसला लिया जा सकता है।
चिकित्सा बिलों के लिए समय पर बजट मांगने के निर्देश
बैठक में पेंशनरों के लंबित चिकित्सा बिलों (Medical Bills) का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। इस पर सीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चिकित्सा बिलों के निपटारे के लिए आवश्यक बजट की मांग समय पर वित्त विभाग को भेजी जाए। सीएम ने स्पष्ट किया कि यदि विभाग समय पर बजट की मांग नहीं भेजते हैं तो भुगतान प्रक्रिया बाधित होती है, इसलिए सभी औपचारिकताएं तुरंत पूरी की जाएं।
वित्त विभाग के पिछले फैसलों की पृष्ठभूमि
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश सरकार के वित्त विभाग ने वर्ष 2026 में पेंशन और पारिवारिक पेंशन एरियर को लेकर पहले भी कई महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं।
27 जनवरी 2026: 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्री-2016 पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को संशोधित पेंशन के शेष 30 प्रतिशत एरियर का भुगतान जनवरी की पेंशन के साथ कर दिया गया था, जिससे इस श्रेणी का 100% एरियर चुकता हो गया था।
18 एवं 21 अगस्त 2026: 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के पेंशन एरियर भुगतान से संबंधित आदेश और शुद्धिपत्र जारी किए गए थे।
सोमवार को सीएम द्वारा की गई इस नई घोषणा के बाद अब प्रदेश के हजारों पेंशनरों को संबंधित सरकारी अधिसूचना जारी होने और एरियर खाते में आने का इंतजार है।
संजू चौधरी
