-
Advertisement
हिमाचल बीजेपी में श्रीकांत शर्मा की वापसी, दर्शना सिंह बनीं सह-प्रभारी; विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर में मिली बड़ी जिम्मेदारी
Himachal BJP: बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक नियुक्तियों का ऐलान करते हुए हिमाचल प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें हिमाचल प्रदेश के संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को हिमाचल प्रदेश बीजेपी का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी के साथ, हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की पच्छाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रीना कश्यप को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी देते हुए जम्मू-कश्मीर बीजेपी का सह-प्रभारी बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर में डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी का दायित्व दिया गया है।
श्रीकांत शर्मा: सफल चुनावी रणनीतिकार पर फिर जताया भरोसा
उत्तर प्रदेश की मथुरा विधानसभा सीट से विधायक और पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा का पार्टी संगठन और मीडिया प्रबंधन में लंबा अनुभव रहा है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी वे हिमाचल के चुनाव प्रभारी थे, जहाँ बीजेपी ने राज्य की चारों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्हें स्थायी रूप से प्रदेश प्रभारी बनाया गया था और अब राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनकी इस जिम्मेदारी को बरकरार रखा है।
दर्शना सिंह: लंबे संगठनात्मक अनुभव का मिलेगा लाभ ,हिमाचल की नई सह-प्रभारी दर्शना सिंह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में सक्रिय राजनीति की शुरुआत की थी और वे बीजेपी महिला मोर्चा की उत्तर प्रदेश अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसे प्रमुख पदों पर रह चुकी हैं। इतिहास में स्नातकोत्तर शिक्षित दर्शना सिंह राजनीति में आने से पहले आकाशवाणी और दूरदर्शन के इलाहाबाद केंद्र में भी कार्यरत रही हैं।
पच्छाद विधायक रीना कश्यप को राष्ट्रीय पहचान
हिमाचल बीजेपी के लिए एक और बड़ा संगठनात्मक घटनाक्रम पच्छाद विधायक रीना कश्यप की नियुक्ति है। अक्टूबर 2019 में उपचुनाव जीतकर पहली बार विधायक बनीं रीना कश्यप ने दिसंबर 2022 में दोबारा अपनी सीट पर जीत दर्ज की थी। स्नातकोत्तर शिक्षित रीना कश्यप अब जम्मू-कश्मीर में डॉ. सतीश पूनिया के साथ मिलकर पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और गतिविधियों का समन्वय करेंगी। बीजेपी हिमाचल प्रदेश इकाई ने श्रीकांत शर्मा, दर्शना सिंह और रीना कश्यप को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी है और राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है।
संजू चौधरी
