-
Advertisement
छात्रा ने मांगी बेहतर लैब, CM सुक्खू ने तुरंत मंजूर किए 3 करोड़ रुपये-8 नए कमरे भी बनेंगे
CM Sukhvinder Singh Sukhu: सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तीसा का दौरा किया और विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। स्कूल पहुंचने पर छात्रों ने तालियों और गूंजते उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। सुक्खू ने किसी औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित रहने के बजाय बच्चों के बीच बैठकर उनकी बातें सुनीं और पढ़ाई, करियर, शिक्षा व्यवस्था व सामाजिक मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।
छात्राओं की मांग पर 3 करोड़ की साइंस लैब और 8 अतिरिक्त कमरों का ऐलान
बातचीत के दौरान 12वीं साइंस की छात्रा इशिका भारद्वाज ने स्कूल में आधुनिक प्रयोगशाला और आवश्यक उपकरणों की कमी का मुद्दा उठाया। उसने बताया कि विज्ञान की पढ़ाई को प्रैक्टिकल और प्रभावी बनाने के लिए बेहतर लैब सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है। सीएम ने छात्रा की बात को गंभीरता से लेते हुए तुरंत स्कूल में आधुनिक साइंस लैब के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही छात्रों की बैठने की समस्या को दूर करने के लिए 8 अतिरिक्त कमरों के निर्माण का भी एलान किया।
बच्चों के तीखे और रोचक सवाल
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने सीएम से बेझिझक सवाल पूछे। छात्रा अपेक्षा भारद्वाज ने पूछा कि यदि उन्हें 1 दिन के लिए शिक्षक बनने का मौका मिले तो वे क्या पढ़ाएंगे? इस पर सीएम सुक्खू ने मुस्कुराते हुए कहा कि वे हिंदी विषय पढ़ाना पसंद करेंगे। जीवन के फैसलों पर सलाह देते हुए सीएम ने कहा कि निर्णय लेते समय खुद पर विश्वास रखें। यदि कोई फैसला गलत भी साबित हो, तो उससे घबराने के बजाय सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। छात्रा मुस्कान के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए तेजी से नियुक्तियां की जा रही हैं, ताकि अभिभावक निजी स्कूलों के बजाय सरकारी संस्थानों को प्राथमिकता दें।
चिट्टे (नशे) के खिलाफ युवाओं से मांगा सहयोग
नशे के खिलाफ लड़ाई पर छात्रा मोनिका के सवाल का जवाब देते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि नशे के शिकार युवाओं को सहानुभूति और इलाज की जरूरत है, जबकि ड्रग्स बेचने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि यदि उनके आसपास नशे का अवैध कारोबार चल रहा हो, तो बिना डरे पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें।
लड़कों के हॉस्टल पर आश्वासन और CBSE से जुड़ेंगे 4-5 स्कूल
कार्यक्रम में एक छात्र ने दूरदराज के इलाकों से आने वाले लड़कों के लिए हॉस्टल बनाने की मांग रखी, जिस पर सीएम सुक्खू ने सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि सरकार चुराह क्षेत्र के 4 से 5 स्कूलों को सीबीएसई (CBSE) से संबद्ध करने की दिशा में काम कर रही है। सीएम सुक्खू ने तीसा स्कूल के बच्चों के आत्मविश्वास और विचारों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल के बच्चों में अपार प्रतिभा है और यही युवा आगे चलकर राज्य का भविष्य संवारेंगे।
राहुल कुमार
