-
Advertisement
सीएम जयराम का तंज: जिसका अध्यक्ष ही हमारी पार्टी में आ गया, उनकी राह पर हम कैसे चलेंगे
हमीरपुर। हिमाचल के हमीरपुर (Hamirpur) जिला के नादौन उपमंडल में जहां आईपीएच (IPH) का डिवीजन खोला जाएगा। वहीं नादौन के गलोड में डिग्री कॉलेज (Degree College) खोलने की घोषणा शनिवार को सीएम जयराम ठाकुर ने की। सीएम जयराम आज हमीरपुर जिला के नादौन विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने लगभग 250 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले विभिन्न विकासात्मक कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) की राह पर चलने के सवाल पर सीएम जयराम ने कहा कि जिस पार्टी का अध्यक्ष हमारी पार्टी में शामिल हो गया हो वह पार्टी खुद व खुद राह से फिसल गई है। वहीं, उन्होंने कहा कि बीते रोज की गई घोषणाओं पर बहुत पहले से चर्चा चल रही थी, जिसके बाद ही यह घोषणाएं की गई हैं।
यह भी पढ़ें:सीएम जयराम ठाकुर की घोषणाओं पर छिड़ी सियासत, AAP बोली…यह हमारी नकल

वहीं सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने उनकी घोषणाओं पर कांग्रेस पार्टी द्वारा 75 हजार करोड़ कर्ज के आरोप पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जो सबसे ज्यादा समय तक सत्ता में रहे हैं, जिम्मेदारी उनकी भी बनती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस (Congress) को चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वे सत्ता में आने वाले नहीं हैं। जयराम ठाकुर ने चुनावों में नेतृत्व पर कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व व प्रदेश का नेतृत्व सामुहिक रूप से संगठित होकर मिशन रिपीट के लिए मैदान में उतरेगा तथा जो भी मुझे जिम्मेदारी मिलेगी वो मैं निभाउंगा।
इससे पहले सीएम जयराम ठाकुर ने सर्वप्रथम नादौन (Nadaun) के कोहला में हैलीपैड (Helipad) व ट्रांसपोर्ट नगर का शिलान्यास किया, जिसके उपरांत उन्होंने हथोल पुल का लोकार्पण किया। सीएम ने पनसाई एक साथ विभिन्न विभागों की अनेक योजनाओं व विकासकार्यों का शिलान्यास व उदघाटन किया। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने नादौन उपमंडल में आईपीएच का डिवीजन व नादौन के गलोड में डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हैलीपैड व ट्रांसपोर्ट नगर के बनने से क्षेत्र की जनता को बहुत लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान विभागीय अधिकारियों से बैठक कर सभी विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही जल्द से जल्द से कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…


