-
Advertisement
हिमाचल: सीएम का कांग्रेस पर निशाना, कहा- विपक्ष तो ऐसे बोल रहा है कि कोरोना जयराम लेकर आया है
मंडी। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने मंडी जिले के जोगिंदर नगर को 110 करोड़ रुपए की सौगात दी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन सालों में प्रदेश में विकास की गति को बढ़ावा मिला है। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि जोगिन्द्रनगर विधानसभा आदर्श विधानसभा बनने की ओर अग्रसर है। साथ ही इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस (Congress) को जमकर लताड़ा। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 50 साल राज किया, लेकिन जनता के हित में कोई काम नहीं किए।
यह भी पढ़ें: मंडी में गरजे सीएम जयराम, बोले- ‘मंडी जिले को मिले ताज का सम्मान करें असफल नेता

कोरोना काल में विपक्ष से मिल रहा भरपूर सहयोग
जयराम ठाकुर ने कहा कि आज कोरोना महामारी (Corona Pandemic) के संकट में केंद्र सरकार (Central Government) की तरफ से प्रदेश को भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के लोग ऐसे भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, जैसे कोरोना जयराम लेकर आया है। जबकि विपक्ष को इस बात को समझना चाहिए कि यह विकट परिस्थिति है पूरा विश्व इससे जूझ रहा है। पूर्व में प्रदेश में पांच मुख्यमंत्री रहे, लेकिन किसी के कार्यकाल में ऐसी विकट परिस्थिति नहीं आई। बावजूद इसके प्रदेश सरकार ने विकास के कार्यों को रुकने नहीं दिया।
23 करोड़ की लागत से ब्यास नदी पर बनेगा पुल
उन्होंने जोगिंद्रनगर के चौंतड़ा में कड़कनाथ मुर्गा हैचरी खोलने की घोषणा भी की। इसके साथ ही उन्होंने लड़भड़ोल पुलिस चौकी को स्तरोन्नत करके पुलिस थाना बनाने, मकरीड़ी में लोक निर्माण विभाग का उपमंडल कार्यालय खोलने, चौंतड़ा में पीएचसी को अपग्रेड करके सीएचसी बनाने और 23 करोड़ की लागत से ब्यास नदी पर नया पुल बनाने की घोषणा की। जिससे जोगिंदर नगर और धर्मपुर क्षेत्र आपस में जुड़ सकेंगे। इसके अलावे जोगिन्द्रनगर क्षेत्र में तीन जलापूर्ति और सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण, 15 लाख रुपए की लागत से फनाहिया गल्लु सड़क की मैटलिंग व टायरिंग, 15 लाख रुपये की लागत से खनागर सड़क, तीन नई पंचायतों के पंचायत भवन निर्माण के लिए प्रत्येक को 10 लाख रुपए व अन्य निर्माण कार्य कराए जाएंगे. इस मौके पर जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, बैजनाथ के विधायक मुल्ख राज प्रेमी, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी और मण्डी एसपी शालिनी अग्निहोत्री भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…

