-
Advertisement
3 माह से तंबुओं में चल रहा द्रंग का बागी कटौला स्कूल, ठंड में ठिठुर रहे बच्चे
वी.कुमार/मंडी। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाला बागी कटौला स्कूल (Bagi Kataula School) बीते 3 महीनों से तंबुओं में चल रहा है। आपदा (Disaster) के कारण सीनियर सेकेंडरी स्कूल बागी कटौला का पूरा भवन धराशायी हो गया था। इसके बाद जब हालात सामान्य हुए तो करीब एक महीने तक बच्चों की ऑनलाईन ही पढ़ाई करवानी पड़ी। उसके बाद स्कूल संचालन के लिए किराए के कमरों की तलाश शुरू की गई तो आसपास कहीं पर भी कोई भवन नहीं मिला। ऐसे में फिर तम्बू (Tent) खरीदकर उसी में ही स्कूल के संचालन का निर्णय लिया।

बारिश होने पर बंद करना पड़ता है स्कूल
अब आलम यह है कि जैसे ही बारिश (Rain) होती है तो स्कूल को तुरंत प्रभाव से बंद करना पड़ता है। कभी हवा के झोंके भी आ जाएं तो वो अध्यापकों और बच्चों को झकझोर कर रख देते हैं। बागी कटौला स्कूल की स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान चरण सिंह ठाकुर और स्थानीय निवासी हरि सिंह ठाकुर ने बताया कि एक नीजि कंपनी ने स्कूल के लिए फेब्रिकेटिड स्ट्रक्चर मुहैया करवाने की हामी भरी थी लेकिन उसके बाद उस कंपनी का कहीं कोई अता-पता नहीं है। इन्होंने सरकार (Govt.) से मांग उठाई है कि सरकार जल्द से जल्द स्कूल का भवन बनाने की दिशा में कार्य शुरू करे और जब तक भवन नहीं बन जाता तब तक फेब्रिकेटिड स्ट्रक्चर मुहैया करवाया जाए। क्योंकि कड़कड़ाती ठंड के बीच बच्चों को तंबुओं में पढ़ाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

कंपनी प्रबंधन से कोई संतोषजनक जवाब नहीं
वहीं, जब इस बारे में शिक्षा उपनिदेशक मंडी (Deputy Director of Education Mandi) अमर नाथ राणा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जिस कंपनी ने फेब्रिकेटेड स्ट्रक्चर मुहैया करवाने का वादा किया था उसने अभी तक अपने वादे को पूरा नहीं किया है। कंपनी प्रबंधन के साथ संपर्क साधा गया है लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पा रहा है। इस संदर्भ में उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। जो आदेश निदेशालय से प्राप्त होंगे उसी आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

