-
Advertisement
हिमाचल जूनियर टीमेट और जूनियर हेल्पर के पदनाम से हटेगा जूनियर शब्द
शिमला। हिमाचल में बिजली बोर्ड कार्यरत जूनियर टीमेट और जूनियर हेल्पर ( Junior T mate and Junior Helper) के पदनाम से जूनियर शब्द जल्द ही हटने वाला है। सोमवार को मुख्य सचिव और बिजली बोर्ड के अध्यक्ष आरडी धीमान (RD Dhiman) की अध्यक्षता में हुई सर्विस कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया है। बता दें कि प्रदेश बिजली बोर्ड के कर्मचारियों की लंबे समय चली आ रही मांग अब पूरी होती दिखने लगी है। आज हुई बैठक में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट आईटी और जूनियर ऑफिस असिस्टेंट अकाउंट के पदोन्नति (Promotion) बारे पदोन्नति नियम भी अनुमोदित कर दिए हैं। यह जानकारी बिजली बोर्ड के प्रबंध निदेशक पंकज डढ़वाल ने दी।
यह भी पढ़ें हिमाचल: एनपीएस में केंद्र सरकार की मदद के बिना नहीं हो सकता कोई बदलाव
उन्होंने बताया कि राज्य बिजली बोर्ड (State Electricity Board) में नियमित और अनुबंध पर कार्यरत करीब 4500 जूनियर टीमेट और जूनियर हेल्पर के पदनाम से जूनियर शब्द हट जाएगा। इसका फैसला आज हुई बैठक में लिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस बाबत अधिसूचना (Notification) जारी कर दी जाएगी। वहीं बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने मांगों को पूरा करने के लिए प्रबंधन वर्ग का आभार जताया है। यूनियन के अध्यक्ष कुलदीप खरवाड़ा और महासचिव हीरालाल वर्मा ने कहा कि सर्विस कमेटी की आठ अगस्त को बैठक बुलाने के बाद बोर्ड मुख्यालय के बाहर शुरू किए गए अनिश्चितकालीन प्रदर्शन को तीन अगस्त से स्थगित कर दिया था।

