- Advertisement -
सावन के महीने में बाबा महाकाल के मंदिर (Baba Mahakal Temple) में हजारों श्रद्धालु नतमस्तक होते हैं। हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) भी सपरिवार महाकालेश्वर मंदिर (Mahakaleshwar Temple) पहुंचे। यहां सीएम जयराम अपने परिवार संग बाबा महाकाल की भस्मारती (Bhasmarti) में शामिल हुए। इस दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने नंदीहाल में बैठकर बाबा महाकाल की भस्म आरती देखी। वे शिव आराधना में लीन दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने नंदी भगवान के कान में अपनी मुरादें रखीं। इस दौरान उन्होंने यहां के दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में भी कैद किया।
सावन महीने में यहां गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित होने के कारण उन्होंने चौखट पर मत्था टेका। सीएम जयराम ठाकुर ने गर्भ ग्रह के गेट से बाबा महाकाल के दर्शन किये और आशीर्वाद लिया। बता दें कि भस्म आरती के दौरान महाकाल का भांग, चदंन, सिंदूर और आभूषणों से श्रृंगार किया गया। मस्तक पर चंदन का तिलक कानों में कुण्डल और सिर पर शेषनाग का रजत मुकुट धारण कर रजत की मुंडमाला और रजत जड़ी रुद्राक्ष की माला के साथ .साथ सुगन्धित पुष्प से बनी फूलों की माला अर्पित की गई।
ऐसा माना जाता है कि सावन के महीने में जो भी भक्त भगवान महाकाल के दर्शन करता है उनकी मुरादें पूरी होती हैं। देव भूमि हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर भी आज यानी शुक्रवार सुबह 2:30 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे। उनके साथ पत्नी और परिवार के लोग भी शामिल थे। सभी ने भगवान महाकाल को जल अर्पित कर हिमाचल प्रदेश और देश की खुशहाली के लिए कामना की। सीएम ने बाबा महाकाल का पंचामृत अभिषेक भी किया। सीएम जयराम का मंदिर प्रशासन द्वारा शाल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान सीएम जयराम ने कहा कि श्देश और प्रदेश में सुख शांति बनी रहने की बाबा महाकाल से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि मैं हर साल यहां आता हूं। बाबा महाकाल की सब पर कृपा बनी रहे। हम समाज के लिए देश के लिए जो काम कर रहे हैं उसमें हमें और ताकत मिले, यही बाबा महाकाल से प्रार्थना की है।
- Advertisement -