- Advertisement -
ऊना। जिला की एक बुजुर्ग महिला शुक्रवार को अपने लापता बेटे (Missing Son) को खोजने की गुहार लेकर एसपी (SP) के दर पहुंच गई। यह महिला जिला के सीमांत गांव मलूकपुर की रहने वाली है और आज विधायक सतपाल सिंह रायजादा के साथ पुलिस कार्यलय पहुंची थी। महिला ने एसपी से उसके लापता बेटे को खोजने की गुहार लगाई। महिला ने बताया कि करीब 8 माह पूर्व उसके ही गांव का निवासी जसवीर सिंह नाम का व्यक्ति उसके 35 वर्षीय बेटे सुखविंदर सिंह उर्फ गोल्डी को अपने साथ ट्रक पर ले गया था। कुछ दिनों के बाद जसवीर सिंह तो वापस लौट आया लेकिन उसका बेटा वापस नहीं लौटा।
जसवीर सिंह से जब सुखविंदर के बारे में महिला ने पूछा तो उसको जवाब मिला कि उसका बेटा उत्तर प्रदेश के लखनऊ में ट्रक (Truck) से उतर गया था और उसके बाद से लेकर अब तक उसके साथ कोई संपर्क नहीं हुआ। महिला का कहना है कि उसने कई बार संतोषगढ़ पुलिस चौकी में भी अपने बेटे को खोजने की फरियाद लगाई, लेकिन पुलिस द्वारा उसे हमेशा लखनऊ में जाकर मामले की शिकायत करने की बात कह कर टाल दिया गया। शुक्रवार को फरियाद लेकर पहुंची बुजुर्ग मां प्यार कौर के साथ सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह रायजादा (MLA Satpal Singh Raizada) भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करते हुए मामला दर्ज कर बुजुर्ग मां के लापता बेटे को खोजने की गुहार लगाई गई है।
वहीं महिला प्यार कौर ने पुलिस पर उसकी फरियाद को अनसुना करने के आरोप भी लगाए। सुखविंद्र की बहन ने कहा कि इस घटना के बाद उन्होंने संतोषगढ़ पुलिस चौकी में भी करीब 3 बार अपने भाई सुखविंद्र को खोजने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने उसे लखनऊ जाकर मामले की शिकायत (Complaint) करने की बात कही। वहीं पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि 35 साल के सुखविंदर सिंह के लापता होने के बारे में उनकी माता प्यार कौर ने शिकायत सौंपी है पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच करेगी। एसपी ने कहा कि लापता हुआ व्यक्ति बालिग है और वह अपनी मर्जी से गया है या फिर कोई उसके साथ घटना हुई है इस मामले की हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जाएगी।
- Advertisement -