-
Advertisement
रश्मिधर सूद बोली: महिलाओं का अपमान नहीं होगा सहन, माफी मांगे विक्रमादित्य
Last Updated on July 16, 2022 by Vishal Rana
सोलन। शिमला जिले के रोहड़ू में शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य (MLA Vikramaditya Singh) द्वारा भरी जनसभा में महिलाओं पर की गई शर्मनाक टिप्पणी पर सियासत गर्माने लगी है। विक्रमादित्य की इस टिप्पणी पर बीजेपी महिला मोर्चा (BJP Mahila Morcha) उग्र हो गई है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी करने वाला व्यक्ति मानसिक रूप से विकृत ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य शायद यह भूल गए हैं कि उन्होंने भी एक महिला के पेट से जन्म लिया है। रश्मिधर सूद (Rashmi Dhar Sood) ने कहा कि इससे पहले प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) ने गुड़िया केस पर टिप्पणी की थी और अब उनके बेटे का ऐसा शर्मनाक बयान उनकी मनोस्थिती को दर्शा रही है। उन्होंने कहा जो लोग महिलाओं का सम्मान नहीं करना जानते उन्हें पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। विक्रमादित्य सिंह को अपने इस कृत्य पर माफी मांगनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:रोहड़ू में बागवानों की रैली में बीजेपी ने़त्री को ये क्या बोल बैठे विक्रमादित्य, पढ़े यहां
रश्मिधर सूद ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सार्वजनिक मंच से महिलाओं के खिलाफ अर्मादित बयान पर विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो महिला मोर्चा सड़कों पर उतरेगी और उग्र प्रदर्शन (Protest) करेगी। रश्मिधर सूद ने कहा हिमाचल देवों और वीरों की भूमि है, यहां की माताएं देश की रक्षा करने वाले वीर सपूतों को जन्म देती हैं। ऐसी माताओं के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। देश की ऐसी बलिदानी और वीर सनिकों को जन्म देने वाली माताओं, बहनों का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। बता दें कि आज यानी शनिवार को रोहड़ू (Rohru) में धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने बीजेपी नेत्री पर विवादित बयान दिया था। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि बीजेपी नेत्री ठेकेदारों की गोद में बैठी है। जिसके बाद से सियासत गर्माने लगी है। वहीं बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य ने भी विक्रमादित्य सिंह के इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषावली महिलाओं को उद्धृत करना कांग्रेस नेता की नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य को सार्वजनिक तौर पर इस तरह के बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।