-
Advertisement
हिमाचल विस का मानसून सत्रः पहली को होगी सर्वदलीय बैठक, क्या कुछ होगा इस बार पढ़े यहां
शिमला। हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र ( Monsoon session of Himachal Vidhan Sabha)2 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। सत्र में इस बार कुल 10 बैठकें आयोजित होगी और सत्र 13 अगस्त तक चलेगा। सत्र में कुल दस बैठकें होंगी। जबकि इस दौरान शनिवार और रविवार को दो दिन का अवकाश रहेगा। पहले दिन शोकोद्गार होगा। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह व जुब्बल कोटखाई के विधायक नरेंद्र बरागटा के निधन पर शोकोद्गार प्रस्ताव लाया जाएगा। 5 व 13 अगस्त गैर सदस्यीय दिवस रखे गए है। कोरोना के चलते बजट सत्र में कम बैठकों को पूरा करने के लिए सत्र 10 दिन का रखा गया है। एक वर्ष में न्यूनतम 35 बैठकों का होना जरूरी होता है। विपिन सिंह परमार ने बताया कि पिछली मर्तबा कोरोना के चलते बाहर से आने वाले लोगों पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन अब कोरोना के मामले कम हुए हैं। हालांकि कोरोना खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में कोरोना के सभी नियमों की पालना विधानसभा में की जाएगी, लेकिन इस बार जो भी लोग सीएम और मंत्रियों से मिलने आना चाहते हैं वो कोरोना नियमों का पालन करते हुए मुलाकात कर सकते हैं। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने बताया कि 1 अगस्त को आल पार्टी मीटिंग की जाएगी ताकि सौहार्दपूर्ण तरीके से विधानसभा की कार्यवाही चले। मानसून सत्र में 10 बैठकें रखी गई है। इसमें अभी तक 564 तारांकित व 254 अतारांकित सवाल रखे गए है। नियम 101 के तहत 4 व 130 के तहत 5 चर्चाएं आई है। अतारंकित और तारांकित सवाल पूछने का आज आखिरी दिन है, ऐसे में प्रश्नों की संख्या बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र दो अगस्त से, अधिसूचना जारी

इस बार सीटिंग प्लान में भी बदलाव
इस बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बीजेपी और कांग्रेस विधायकों का सिटिंग प्लान भी बदलेगा। यह प्लान पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह और पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के देहांत के बाद बदलेगा। वीरभद्र सिंह नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के साथ दूसरे स्थान पर बैठते थे। अब यहां दूसरे वरिष्ठ विधायक बैठेंगे। इसी तरह से नरेंद्र बरागटा ज्वालामुखी के बीजेपी विधायक रमेश ध्वाला के साथ बैठते थे, लेकिन अब यहां अन्य वरिष्ठ विधायक बैठेंगे।

सवाल लगाने के लिए पंद्रह दिन पहले ही नोटिस देना होगा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय के अनुसार विधायकों को सवाल लगाने के पंद्रह दिन पहले नोटिस देना होगा। इसमें जिस मंत्री से सवाल पूछा जाना वांछित है, उनका ब्योरा स्पष्ट होना चाहिए। एक सदस्य एक दिन में दो तारांकित और तीन अतारांकित प्रश्नों से ज्यादा सवाल नहीं पूछेगा।
परमार ने लिया तैयारियों का जायजा
विपिन सिंह परमार ने आज विधान सभा सचिवालय परिसर का आगामी मानसून सत्र के दृष्टिगत चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए विस्तृत दौरा किया। परमार ने परिसर में चल रहे विकासात्मक कार्यों तथा अन्य मुरम्मत कार्यों का निरिक्षण भी किया। अधिकारियों को समय रहते सभी कार्यों को पूर्ण करने के आदेश दिये। परमार ने पुस्तकालय कक्ष, मीडिया सेंटर, सीएम तथा मंत्री परिषद के सदस्यों के चैम्बर, अभी हाल ही में नियुक्त हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचेतक तथा उप मुख्य सचेतक के चैम्बर, पत्रकार दीर्धा, दर्शक दीर्धा तथा सदन के अन्दर चल रहे मुरम्मत कार्यों का निरिक्षण किया तथा कुछ और अरिरिक्त मुरम्मत कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये। परमार ने कहा कि सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश व जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ 29 जुलाई, 2021 को अपराह्न 3 बजे बैठक बुलाई गई है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group



